करनाल, आशुतोष गौतम (18 सितंबर)
अतिथि अध्यापकों ने बुधवार को अपने आंदोलन को तेज करते हुए करनाल जिला के पांचों विधायकों की शव यात्रा निकाली। धरना स्थल पर मुख्यमंत्री सहित पांचों हलकों के विधायकों के पुतले बनाए गए। भाषणों में सरकार को कोसने के बाद गेस्ट टीचर्स शव यात्रा निकालते हुए जिला सचिवालय के सामने पहुंचे। यहां मीडियाकर्मियों से बातचीत में अतिथि अध्यापकों ने जमकर भड़ास निकाली। मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को धोखेबाज बताया। विधायकों द्वारा अनदेखी किए जाने से भी गेस्ट टीचर्स भारी गुस्से में दिखाई दिए। समान काम समान वेतन और रेगुलर करने की मांग को सरकार ने पूरा नहीं किया। जो फरवरी में एक्ट बनाया गया वह भी अतिथि अध्यापकों के हित में नहीं है। इसके बाद अतिथि अध्यापकों ने पांचों विधायकों के पुतलों को आग के हवाले कर दिया। गुरुवार को भी प्रदेशभर के गेस्ट टीचर करनाल में इक्टठा होकर रैली करेंगे। इससे पहले धरना स्थल पर इनेलो विधायक व नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला और आप आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने गेस्ट टीचर्स को अपना समर्थन दिया। इस अवसर पर प्रदीप बतान, सतीश शर्मा, नवीन शर्मा, नवीन दीक्षित, सुरजीत, इंद्रपाल, बलवान, विनोद, राकेश राणा, रामपाल, मेहरलाल, नरिंद्र सिंह, मनजीत, जितेंद्र भारद्वाज, राजेश सैनी, नरेश, कुलदीप शर्मा, श्रवण कुमार, संजीव राणा, सरिता, संतोष, राजरानी, रीटा, रजनी, नीरज, पूजा, सरोज बाला, निर्मला, मानसी, आशा, सुनीता आर्य, रणधीर, शमशेर, अमृतपाल, अमित शर्मा व सतबीर आदि मौजूद रहे।

































