कोई भी व्यक्ति सरकारी जमीन को कब्जाने की चेष्टा ना करे, कानूनी कार्रवाई होगी
करनाल, आशुतोष गौतम ( 26 नवंबर) नगर निगम की ओर से मंगलवार को शहर के जाटों गेट के निकट लाडो बगड़ी क्षेत्र में सड़क के साथ लगती करीब 100 गज सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त करने की कार्रवाई की गई। जमीन पर पड़ौस के ही एक व्यक्ति का कब्जा था। कब्जे को लेकर निगम ने दो बार सम्बंधित व्यक्ति को खाली करने के नोटिस भी दिए, लेकिन उसने कब्जा नहीं छोड़ा, आखिर जमीन को कब्जा मुक्त करने के लिए निगम ने पूरा प्लान तैयार किया। इस कार्रवाई में तहसीलदार रविन्द्र मलिक की अगुवाई में निगम के डीटीपी मोहन सिंह, भवन निरीक्षक विकास व राजेश के साथ करीब 30 महिला एवं पुरूष पुलिस कर्मी मौके पर गए। जैसे ही निगम की टीम ने कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की, उसे देख मौके पर आस-पास के लोगों का जमावड़ा हो गया। कब्जाधारी और उसके परिवार के सदस्यों ने इसका विरोध किया, लेकिन भारी पुलिस बल को देखकर उनकी एक न चली और कुछ ही देर में जमीन को कब्जा मुक्त कर दिया। निगम की ओर से टीम के साथ गए कर्मचारियों ने कब्जा हटाने के बाद जगह के चारो और कंटीली तार लगा दी और चेतावनी दी कि यदि दोबारा किसी व्यक्ति ने सरकारी जमीन पर कब्जा करने की चेष्टा की तो, उसे कानूनी कार्रवाई झेलनी होगी। इस घटना को लेकर निगम आयुक्त निशांत कुमार यादव का कहना है कि सरकारी जमीन निगम की हो या अन्य किसी विभाग की, किसी भी व्यक्ति को उस पर कब्जा कर अपना अधिकार जमाने की ईजाजत नही है। इस बारे सरकार की ओर से भी सख्त निर्देश हैं कि जो व्यक्ति सरकारी जमीन पर कब्जा करेगा, उसके विरूद्घ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा है कि कोई भी व्यक्ति निगम क्षेत्र में कहीं भी सरकारी जमीन पर कब्जा कर मुसीबत मोल ना लें। इसके साथ-साथ जनता से अपील की है कि यदि सरकारी जमीन पर कहीं कब्जा होते दिखाई दे, तो उसकी सूचना तुरंत नगर निगम को दें।
































