वाहन चालक 1 दिसम्बर से 15 दिसम्बर तक बनवाएं अपना फासटैग कार्ड
करनाल, आशुतोष गौतम (30 नवंबर) उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने बताया कि करनाल के चौपहिया वाहन प्रयोग करने वाले लोगों के फासटैग कार्ड बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए प्रशासन द्वारा 1 से 15 दिसम्बर तक क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) के कार्यालय की ओर से सोमवार व शुक्रवार को कमर्शियल वाहनों के पासिंग के दिन सैक्टर 32 में नि:शुल्क विशेष कैंप लगाकर फासटैग कार्ड बनाए जाएंगे। इसके अलावा उपमंडल स्तर पर एसडीएम कार्यालयों में स्थित सरल केन्द्रों में भी प्रतिदिन फासटैग कार्ड बनाने की सुविधा मिलेगी ताकि वाहन चालकों को लम्बी लाईनों तथा डबल टोल से छुटकारा मिल सके। उपायुक्त ने बताया कि फासटैग कार्ड बनाने की सुविधा आरटीए कार्यालय, सैक्टर 4 ट्रांसपोर्ट नगर, रेलवे स्टेशन व टैक्सी स्टैंड पर भी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि कमर्शियल वाहनों की पासिंग के लिए यह फासटैग कार्ड बनाना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि फासटैग तकनीक का इस्तेमाल देशभर के नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा पर 1 दिसम्बर से शुरू हो जाएगा। वाहन चालकों को लम्बी कतारों से मुक्ति दिलवाने, ईंधन व समय की बचत तथा कैशलेस भुगतान को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने यह निर्णय लिया है। यही नहीं फासटैग इस्तेमाल करने वालों को कैशबैक व एसएमएस अलर्ट की सुविधा भी मिलेगी।
क्या है फासटैग
फासटैग इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन तकनीक है। इसमें रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन का इस्तेमाल होता है। इस टैग को वाहन के विंडस्क्रीन पर लगाया जाता है। जैसे ही आपकी गाड़ी टोल प्लाजा के पास आती है, तो टोल प्लाजा पर लगा सेंसर आपके वाहन के विंडस्क्रीन पर लगे फासटैग को ट्रैक कर लेता है। इसके बाद आपके फासटैग अकाउंट से उस टोल प्लाजा पर लगने वाला शुल्क कट जाता है। इस तरह आप टोल प्लाजा पर रुके बगैर शुल्क का भुगतान कर पाते हैं। वाहन में लगा यह टैग आपके प्रीपेड खाते के सक्रिय होते ही अपना काम शुरू कर देगा। वहीं, जब आपके फास्टैग अकाउंट की राशि खत्म हो जाएगी, तो आपको उसे फिर से रिचार्ज करवाना पड़ेगा।
किसे है जरूरत?
नए वाहन मालिकों को फासटैग के बारे में चिंता करने की जरूरत नहीं है। वजह है कि ये रजिस्ट्रेशन के समय पहले से ही उपलब्ध कराए जाएंगे। ओनर को बस फासटैग अकाउंट को सक्रिय और रिचार्ज करना होगा। हालांकि, आपके पास पुरानी कार है, तो आप उन बैंकों से फासटैग खरीद सकते हैं जो सरकार के राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक टोल संग्रह (एनईटीसी) कार्यक्रम से अधिकृत हैं।






























