स्वच्छ सर्वेक्षण में लगातार आगे बढऩे के लिए मेयर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में स्वच्छता प्रयासो की की सराहना
करनाल, आशुतोष गौतम। गुरूवार को स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 के परिणामो की घोषणा में करनाल इस बार टॉप 20 में आया है और इस शहर को 1 लाख से 10 लाख आबादी की केटेगरी में 17वां रैंक मिला है। इसके लिए महापौर रेणु बाला गुप्ता ने तमाम नगर वासियों को मुबारकबाद देते कहा है कि यह नगर निगम की रणनीति, सफाईकर्ताओं का समर्पण तथा नागरिकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पिछले 4 वर्षों से करनाल स्वच्छ सर्वेक्षण के परिणामो में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि बीते तीन परिणामो में करनाल शहर को वर्ष 2017 में 65वां स्थान, 2018 में 41वां तथा वर्ष 2019 में 24वां स्थान हासिल हुआ था और अब 17वां रैंक मिला है। इसे देखते हुए कहा जा सकता है कि अगले वर्ष करनाल टॉप 10 में अवश्य स्थान हासिल कर सकता है। मेयर में नगरवासियों को इस बात की भी बधाई दी है कि करनाल, स्वच्छ सर्वेक्षण के परिणामो में कचरा मुक्त शहरो के अंदर 3 स्टार वाला शहर बन गया है और इसे इस शहर को ओ.डी.एफ. प्लस-प्लस घोषित कर दिया गया है। इन उपलब्धियों के लिए मेयर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन और स्वच्छता को लेकर किए गए संकल्प की सराहना की है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में स्वच्छ भारत मिशन के कार्यक्रमो को आगेे बढ़ा रहे हैं। इनसे लोगों के रहन-सहन और स्वच्छता के प्रति व्यवहार में अच्छी खासी तबदीली आई है। शहरो में रहने वाले नागरिकों ने अब स्वच्छता के महत्व को अच्छे से समझ लिया है। लोग अब कूड़े-कचरे को इधर-उधर नहीं फैंकते, बल्कि उसे एकत्र करने के लिए घर-घर जाकर गाडियां व रेहडिय़ों में डालकर डम्पिंग स्टेशन तक पहुंचाते हैं। पिछले तीन-चार सालों में स्वच्छ भारत मिशन से जुड़कर स्वच्छता के लिहाज से शहरो में एक क्रांति सी आ गई है। मेयर रेणु बाला गुप्ता ने शहर के सभी नागरिको से अपील की है कि वे पूर्व की भांति अपने शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए सहयोगरत रहें। घर में गीला व सूखा कचरा अलग-अलग रखकर ही दें।
































