वोट ही जनता की असली ताकत , व्यापारियों ने मांगे भाजपा के लिए वोट
करनाल, आशुतोष गौतम (12 अक्तूबर) व्यापारियों ने डोर टू डोर जाकर भाजपा के लिए वोट मांगे। नगर व्यापार मंडल के प्रधान कृष्णलाल तनेजा ने कहा कि इस बार करनाल से मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर को रिकॉर्ड मतों से जिताकर विधानसभा भेजना है। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल मतदाताओं से निश्चित वोट डालने की अपील करता है। भारतीय संविधान ने आम आदमी को वोट की सबसे बड़ी ताकत दी है। इसका इस्तेमाल जरूर करें। जितनी ज्यादा वोटिंग होगी, उतना ही लोकतंत्र मजबूत होगा। अच्छे जनप्रतिनिधि चुनकर आएंगे, जो कि आपका, आपके क्षेत्र का खास ख्याल रखेंगे। समस्याओं के निराकरण की हर संभव कोशिश करेंगे। तनेजा ने कहा कि यह लोकतंत्र का महापर्व है। सबको इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। वोट ही जनता की असली ताकत है, वह इसका प्रयोग जरूर करे। अब घर बैठने से काम नहीं चलेगा। वोटर घर से निकलें। जो अच्छा हो, उसे वोट देकर लोकतंत्र को मजबूत बनाएं। शहर क्षेत्र का वोटिंग फीसदी इस बार 75-80 फीसदी तक ले जाने का लक्ष्य है। इसे पूरा करने के लिए आम जनता को घर से बाहर निकलना होगा। इस अवसर पर रोहित धवन, मनमीत बावा, संजय गांधी, विकास कथूरिया, हैप्पी आदि मौजूद रहे।
































