हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत
BHT news, सोलन: जिला सोलन के नालागढ़ में खेल इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ा है। यहां पहली बार नालागढ़ में 69वीं नेशनल स्कूल गेम्स अंडर-19 कबड्डी चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है, जिसका भव्य शुभारम्भ प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने किया। कार्यक्रम में दून के विधायक राम कुमार चौधरी और नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा विशेष रूप से मौजूद रहे। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने झंडा फहराकर विधिवत रूप से प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया।इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के करीब 28 राज्यों से लगभग 300 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। चंडीगढ़, ओडिशा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार सहित कई राज्यों की टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। यह प्रतियोगिता 19 जनवरी से 23 जनवरी तक चलेगी, जबकि समापन समारोह में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिलाये मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (गर्ल्स), नालागढ़ में किया जा रहा है। यहां विशेष रूप से खिलाड़ियों के भोजन में हिमाचली धाम की व्यवस्था की गई है, जिससे बाहर से आए खिलाड़ियों को प्रदेश की संस्कृति और परंपरा से रूबरू होने का अवसर मिल सके। स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने लोगों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का पहली बार नालागढ़ में आयोजन होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि यहां प्रतियोगिता का होना न केवल खिलाड़ियों के लिए बल्कि क्षेत्र के लिए भी पहचान और गौरव का विषय साबित हुआ है।



























