वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कुटलैहड़ के विधायक केवल पूर्व में स्वीकृत योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कर रहे
डॉ रणधीर जसवाल,ऊना : टक्का ,झलेड़ा व नारी पंचायत के लोगों ने कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए क्षेत्र के विकास को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उनका कहना है कि पिछले तीन वर्षों में कुटलैहड़ क्षेत्र में दो विधायक रहे, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र के विकास के लिए कोई ठोस वित्तीय सहायता या नई योजनाएं नहीं लाई जा सकीं।स्थानीय लोगों ने कहा कि हाल ही में कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा द्वारा झलेड़ा में लोकभवन और टक्का में पंचायत घर का लोकार्पण किया गया, जिसे कांग्रेस सरकार की उपलब्धि बताया जा रहा है, जबकि सच्चाई यह है कि ये दोनों परियोजनाएं पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत हुई थीं और इनके लिए धनराशि भी उसी समय मंजूर की गई थी। भाजपा पूर्व मंडल अध्यक्ष चरणजीत, पुर्व भाजपा मंडल महासचिव दिलबाग, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष सोमदत्त, नारी पंचायत के प्रधान राम कुमार, उपप्रधान लक्की, झलेड़ा के पूर्व उपप्रधान मनोहर लाल, मनु बांका, सतवंत, सुरेश और अशोक कुमार सहित अन्य स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में केवल पूर्व में स्वीकृत योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास को दोहराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विधायक अधिकतर समय अस्पतालों के निरीक्षण और परीक्षण में व्यतीत कर रहे हैं, जबकि जनहित में कोई नया विकास कार्य धरातल पर नहीं उतर पाया है। उन्होंने कहा कि ऊना-टक्का रोड पर कोटलकलां के समीप 6 महीने से एक छोटी सी पुली का काम लंबित पड़ा है जिसे ये आजतक नहीं करवा पाए हैं और विकास की हवा हवाई बातें कर रहे हैं।स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पहले से स्वीकृत और चल रहे विकास कार्य भी ठप पड़ गए हैं। उन्होंने मांग की कि यदि विधायक वास्तव में क्षेत्र के विकास के प्रति गंभीर हैं, तो बंद पड़े कार्यों को पुनः प्रारंभ करवाने के लिए ठोस प्रयास करें। अन्यथा क्षेत्र की जनता कांग्रेस की नाकामी और क्षेत्र की हो रही अनदेखी को भली-भांति समझ चुकी है।



























