बीपीएल में होने के बावजूद नहीं मिली सरकारी सुविधाएं, घर को जाने वाला रास्ता कच्चा व पेयजल भी नहीं मुहैया
Baddi, 16 जनवरी (शांति गौतम) दून विधानसभा के रोड़ी (चंडी) गांव के नागेंद्र कुमार ने यहां जारी एक प्रेस नोट में कहा कि उसका परिवार वीपीएल में होने के बावजूद सरकारी सुविधाओं से वंचित है। यहां तक कि उसके घर को जाने वाला रास्ता भी कच्चा है। पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधा भी उसके परिवार को नहीं मिल पाई है। सरकारी योजनाओं का उसके परिवार को अभी तक कोई लाभ नहीं हो पाया है। नागेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि उसका घर गांव से अगल होने के चलते उसे मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा गया है। उसने कहा कि स्थानीय पंचायत द्वारा भी उसके साथ अनदेखी की जा रही है। नागेंद्र ने आरोप लगाया कि उसने संबंधित पंचायत को अपनी समस्या से कई बार अवगत करवाया, बावजूद इसके उसकी कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। उसने कहा कि जिला पार्षद फंड के तहत उसके घर को जाने वाले रास्ते के लिए 80 हजार रुपए मंजूर हो चुके हैं, बावजूद इसके अभी तक इस सडक मार्ग का निर्माण नहीं करवाया गया है। नागेंद्र कुमार ने जिला प्रशासन से उसे सरकारी सुविधाएं मुहैया करवाने की मांग की है।





























