नए साल के पहले रविवार को आपकी रसोई में 1100 से अधिक लोगों ने किया भोजन
करनाल, आशुतोष गौतम ( 5 जनवरी ) मानवता की सेवा करना सभी का फर्ज है और यही संदेश हर धर्म में दिया गया है। दानवीर राजा कर्ण की धरती करनाल में कई संस्थाएं और लोग जात-पात से ऊपर ऊठकर मानवता की सेवा करने में जुटे हुए हैं। हर कोई अपने तरीके से यह सेवा कर रहा है। वहीं करनाल में एक संस्था ऐसी भी है जो मात्र दस रुपए में लोगों को शुद्ध एवं भरपेट भोजन उपलब्ध करवा रही है। यहां हम बात कर रहे हैं जेबीडी समाज-कल्याण समिति की। पिछले करीब 7 महीने से हर रविवार की सुबह जेबीडी समाज कल्याण समिति द्वारा ‘आपकी रसोई ‘ लगाकर लोगों को मात्र 10 रुपए में शुद्ध एवं स्वादिष्ट भोजन भरपेट उपलब्ध करवाया जाता है। आज भी नए साल के पहले रविवार को रामनगर स्थित चार खम्बा चौक पर आपकी रसोई का आयोजन किया गया जहां पर करीब 1100 से अधिक लोगों ने भोजन ग्रहण किया। जेबीडी समाज-कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं समाजसेवी भारत भूषण कपूर ने नववर्ष की बधाई देते हुए कहा कि कि सभी लोगों को भरपेट भोजन मिले, कोई भूखा न रहे इस पर अमल करते हुए लोगों के लिए आपकी रसोई का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह उनका एक छोटा सा प्रयास है। उन्होंने बताया कि उनकी संस्था हमेशा ही जरूरतमंदों की सहायता के लिए तैयार रहती है। बीते सप्ताह प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने समिति द्वारा आयोजित आपकी रसोई में पहुंचकर स्वयं यहां भोजन किया था। उन्होंने कहा कि यहां पर खाने की क्वालिटी एवं शुद्धता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाता है। समाजसेवी भारत भूषण कपूर ने संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि बीते दिनों हजारों लोगों को गर्म वस्त्र वितरित किए गए हैं। यह अभियान उनका आगे भी जारी रहेगा। इसके अलावा रैन बसेरा और रेलवे स्टेशन पर वह लोगों को गर्म चाय भी वितरित करते हैं। उन्होंने करनाल के लोगों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें अपने सामाजिक कार्यों में करनाल के लोगों का भरपूर सहयोग मिल रहा है।
































