विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने सरकार व प्रशासन पर तीखा हमला करते हुए कहा लालसिंगी में माफिया किसानों की जमीनों को कब्जा रहा सरकार तमाशबीन बनी हुई है डॉ रणधीर जसवाल, ऊना: पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व ऊना भाजपा विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने जिला मुख्यालय के लालसिंगी में लोगों की जमीन की कथित हेराफेरी के मामले को लेकर प्रदेश सरकार और प्रशासन पर एक बार फिर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि गांव के लोग लगातार सड़क पर उतरकर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष उठा रहे हैं, लेकिन प्रशासन पूरी तरह से उनकी अनदेखी कर रहा है। विधायक ने सवाल उठाया कि प्रशासनिक अधिकारियों की ऐसी कौन-सी मजबूरी है, जिसके चलते वे लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के लोगों की जमीन हड़पने के लिए भ्रष्ट अधिकारियों को बार-बार सेवा विस्तार दिया जा रहा है। सत्ती ने मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए कहा कि यह बताया जाए कि किनके इशारे पर और किसे लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से भ्रष्ट अधिकारियों को बार-बार सेवाओं में बनाए रखा जा रहा है, ताकि लोगों की जमीन हड़पी जा सके। उन्होंने यह भी पूछा कि आखिर किस भूमि माफिया के इशारे पर यह पूरा खेल चल रहा है। विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में कानून व्यवस्था पहले ही चरमरा चुकी है और अब प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लोगों को भूमि माफिया के हाथों प्रताड़ित कराकर हालात और खराब किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कहीं किसी की जमीन को किसी और स्थान पर दर्शाया जा रहा है तो कहीं बिना अनुमति लोगों की जमीन से सड़कें निकाली जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि लोग बार-बार प्रशासन से शिकायत करते हैं, लेकिन प्रशासन भूमि माफिया के हाथों की कठपुतली बनकर रह गया है। विधायक ने स्पष्ट किया कि इस गंभीर मामले को विधानसभा में उठाया जाएगा और यदि जरूरत पड़ी तो वह लोगों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन भी करेंगे।




























