सत्ती के ऑपरेशन पर कथित टिप्पणी को लेकर भाजपा जिला प्रवक्ता का सतपाल रायजादा पर तीखा हमला, सार्वजनिक माफी की मांग
बीएचटी न्यूज,ऊना। भाजपा जिला प्रवक्ता विनय शर्मा ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उस वीडियो पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है, जिसमें कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक सतपाल रायजादा द्वारा भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह सत्ती के ऑपरेशन पर कथित तौर पर उपहास किए जाने का मामला सामने आया है।विनय शर्मा ने कहा कि राजनीति में विरोध कीजिए, विचारों पर प्रहार कीजिए, लेकिन किसी की बीमारी और ऑपरेशन का मजाक उड़ाना ओछी मानसिकता और मानवीय संवेदनाओं के प्रति असम्मान दर्शाता है। यदि वीडियो में दिखाई दे रही टिप्पणी रायजादा की ही है, तो उन्हें अपने आचरण पर आत्ममंथन कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।उन्होंने कहा कि जब सतपाल रायजादा अस्वस्थ थे, तब भाजपा नेताओं ने राजनीतिक मतभेद भुलाकर उनका हालचाल जाना और पीजीआई पहुंचकर उनकी कुशलक्षेम पूछी। इसके बावजूद भाजपा के वरिष्ठ नेता के स्वास्थ्य पर कथित कटाक्ष करना कई सवाल खड़े करता है। क्या कांग्रेस में राजनीतिक विरोध इतना हावी हो गया है कि बीमारी भी मजाक का विषय बन गई है?विनय शर्मा ने कहा कि महिलाओं के सम्मान की बात करने वालों को हिंसा में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के दर्द और संवेदनाओं के प्रति भी गंभीर होना चाहिए। ऊना में गोलीबारी और एक कार्यकर्ता की मौत से जुड़े घटनाक्रम में पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना, न्याय और जवाबदेही सर्वोपरि होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस से राजनीतिक लड़ाई लोकतांत्रिक तरीके से लड़ती रहेगी, लेकिन व्यक्तिगत पीड़ा का उपहास स्वीकार नहीं करेगी। राजनीति में प्रतिद्वंद्विता हो सकती है, संवेदनहीनता नहीं; विचारों से लड़िए, किसी की बीमारी से नहीं।






























