बीबीएन 11 सितंबर शांति गौतम
माल रोड सोलन पर स्थित श्री कृष्ण मंदिर में दिन-प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। श्री जयकृष्णी पंथ समाज से जुड़े कुछ सदस्यों ने शहर में संस्था की गतिविधियों को बढ़ाने के लिए प्रमुख उद्यमी एवं समाजसेवी लाॅयन राजीव कोहली के प्रयासों के फलस्वरूप 16 अगस्त 2006 को सोलन में एक बैठक कर ट्रस्ट की स्थापना की गई, जिसका नाम श्रीकृष्ण वृद्ध आश्रम ट्रस्ट रखा गया। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से लाॅयन राजीव कोहली को ट्रस्ट का प्रधान चुना गया। बैठक में सतीश साहनी को महासचिव, गुलशन जग्गी को कोषाध्यक्ष व अमरनाथ चंदोक को सलाहकार बनाया गया। इस ट्रस्ट को सितंबर 2006 में सरकार से पंजीकृत करवा कर शहर में श्री कृष्ण मंदिर की स्थापना को लेकर चर्चा की, ताकि संस्था से जुड़ी सभी धार्मिक गतिविधियां की सुचारू रूप से चलाया जा सके। ट्रस्ट के सदस्यों ने किराये का भवन लेकर 2 सितंबर 2007 को श्री कृष्ण मंदिर की शुरूआत की।मंदिर के संचालक महात्मा विधाधर व सह संचालक महात्मा मुरली धर बनाए गए। यह मंदिर पुराना पावर हाऊस रोड, सुंदर सिनेमा के पास बनाया गया। श्री कृष्ण मंदिर में श्रीमद्भगवद्गीता जी के अनुसार पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन व प्रवचन का कार्य किया जाता रहा। धीरे-धीरे मंदिर बड़ी संख्या में भक्त पहुंचने शुरू हो गए। इस दौरान श्रद्धालुओं द्वारा सभी त्यौहार प्रेमपूर्वक मनाए जाते थे। कुछ समय बाद मंदिर की यह जगह छोटी पड़नी शुरू हो गई। तभी ट्रस्ट ने निर्णय लिया कि श्री कृष्ण वृद्ध आश्रम ट्रस्ट का अपना भवन बनाया जाए। 9 जनवरी 2008 को एक भवन माल रोड पर मिल गया, जिसे ट्रस्ट ने परवाणू शहरी सहकारी बैंक के सहयोग से खरीद लिया व श्री कृष्ण मंदिर की स्थापना माल रोड पर की गई। ट्रस्ट का उद्देश्य धार्मिक गतिविधियां करना व भगवान श्री कृष्ण जी के बताए गए मार्ग पर चलते हुए बुजुर्गों की सहायता करना है। श्री कृष्ण मंदिर में ट्रस्ट की सहायता से श्री कृष्ण जन्माष्टमी, होली, नवमी, दिवाली व अन्य त्यौहर मनाए जाते हैं। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के उपरान्त छठी का भंडारा बड़े उत्साह के साथ हर वर्ष मनाया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों को प्रसाद वितरित किया जाता है। सभी लोग बहुत भावपूर्वक दर्शन देते हैं व प्रभु जी का प्रसाद ग्रहण करते हैं। पिछले 10 सालों से इस मंदिर के संचालक महात्मा श्री नरेंद्र मुनि जी हैं, जो कि महाराष्ट्र से आए हुए हैं। इन्हीं की देख-रेख में ही मंदिर का सारा कार्य किया जाता है, जो कि बहुत सुचारू रूप से चल रहा है।
मार्च 2017 में प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह श्री जयकृष्णी पंथ समाज की सर्वज्ञ प्रतिष्ठान पदयात्रा के समापन समारोह में भाग लेने सोलन पहुंचे, जहां उन्होंने बड़ी संख्या में महाराष्ट्र से आए महात्मा जनों का स्वागत किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने जयकृष्णी पंथ के अखिल भारतीय प्रमुख श्री गोपीराज महाराज व अन्य संतों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। श्री गोपीराज ने उन्हें अपने पंथ के उद्देश्यों से अवगत करवाया। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पद यात्रा का स्वागत करने के बाद कहा कि सभी धर्म हमें मानवता, सहनशक्ति एवं संपूर्ण मानव जाति के लिए आदर के मूल्य प्रदान करते हैं। हमें इन मूल्यों को बनाए रखने के नियमित प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न धार्मिक स्थानों को आमजन को प्रोत्साहित करने का केन्द्र बनाया जाना चाहिए, ताकि सभी सत्य, पे्रम एवं अहिंसा के मार्ग को अपना सकें। श्री कृष्ण मंदिर में शुरूआत में जन्माष्टमी की संध्या पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल श्री विष्णु सदाशिव कोकजे व तत्कालीन विधायिका मेजर कृष्णा मोहिनी मौजूद रही। मंदिर में पूर्व मंत्री डाॅ. राजीव बिंदल, पूर्व मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल, पूर्व सांसद प्रो. वीरेंद्र कश्यप, नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष पवन गुप्ता कई बार जन्माष्टमी के मौके पर आते रहे हैं। श्री कृष्ण मंदिर में वर्ष भर संत-महात्माओं व भक्तों के बाहर से आने का सिलसिला बना रहता है। इस दौरान यहां आने वाले संत-महात्मा प्रभु के नाम का सिमरन करते हैं। श्री जयकृष्णी पंथ के देश-विदेश में 1650 श्री कृष्ण मंदिर स्थापित हैं और सोलन में पंथ की गतिविधियों को बढ़ाने के लिए श्रीकृष्ण वृद्ध आश्रम ट्रस्ट सुचारू रूप से कार्य कर रहा है। यह मंदिर पिछले 11 सालों से धरातल मंजिल पर स्थित रहा, जिसे ऊपरी मंजिल पर शिफ्ट कर दिया गया है। मंदिर के ऊपरी मंजिल पर आ जाने से यहां पहुंचने वाले भक्तजनों को सुविधा होगी। मंदिर के नवनिर्मित भवन अपनी दादी मां श्रीमती शकुंतला बाई जी की स्मृति में श्री कृष्ण वृद्धाश्रम ट्रस्ट (रजि.) सोलन के प्रधान राजीव कोहली के पुत्र अखिल कोहली ने सोलन के भक्तों की मदद से बनवाया है। श्रीकृष्ण मन्दिर में श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए श्री शिव दयाल धर्मशाला ट्रस्ट ने रास्ता दिया है।सोलन में कृष्ण भक्तों की आस्था का केंद्र माल रोड पर स्थित श्री कृष्ण मंदिर पूरी तरह से बनकर तैयार हो चुका है। मंदिर 18 सितंबर को आम जनता के दर्शनों के लिए विधिवध पूजा अर्चना के उपरांत खोल दिया जायेगा। मंदिर के उदघाटन समारोह में राष्ट्रीय सेवक संघ के सरसंघचालक आदरणीय श्री मोहन भागवत जी मुख्यातिथि होंगे। इस समारोह की अध्यक्षता प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर करेंगे। समारोह में कविश्वर कुलाचार्य परम महंत कारंजेकर बाबा जी के साथ-साथ महाराष्ट्र, पंजाब व हरियाणा से अनेक बडे़ संत महात्मा व अन्य अतिथिगण उपस्थित रहेंगे।






























