महाविद्यालय में डिजिटल फिल्म मेकिंग पर दो दिवसीय कार्यशाला संपन्न
करनाल, आशुतोष गौतम ( 4 मार्च ) पं. चिरंजीलाल शर्मा राजकीय महाविद्यालय में बुधवार को जनसंचार विभाग की ओर से अपीजे इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन के सौजन्य से डिजिटल फिल्म एवं एड फिल्म मेकिंग विषय पर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला का समापन हुआ। कार्यशाला में पत्रकारिता के विद्यार्थियों ने फिल्म निर्माण से संबंधित विभिन्न चरणों की व्यावहारिक जानकारी हासिल की। प्रोफेसर पीयूष दत्ता, डॉ. राजीव पांडा और प्रोफेसर नवीन गौतम के निर्देशन में विद्यार्थियों ने शॉर्ट फिल्म की शूटिंग की और फिल्म एडिटिंग के गुर भी सीखे। प्राचार्या डॉ. रेखा शर्मा ने कार्यशाला के सफल आयोजन के लिए संयोजक श्रीमती रश्मि सिंह को बधाई दी। कार्यशाला के समापन समारोह में जनसंचार विभाग के विद्यार्थियों की ओर से बनाई गई शॉर्ट फिल्मों की स्क्रीनिंग की गई। होली के विषय पर बनाई गई इन फिल्मों के माध्यम से विद्यार्थियों ने न केवल फिल्म निर्माण की बारीकियां सीखी बल्कि जल संरक्षण, सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश भी दिया। कार्यशाला में हिस्सा ले रहे विद्यार्थियों ने अपने अनुभव भी शेयर किए और कार्यशाला को काफी फायदेमंद बताया। इस अवसर पर जनसंचार विभाग के सभी स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
































