श्रमिक हितों की पैरवी को मिलेगा कानूनी मजबूती का आधार, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने दी बधाई
बीएचटी न्यूज, ऊना। भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस महासंघ (इंटक) ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण नियुक्ति करते हुए विजय जसवाल को जिला ऊना का कानूनी सलाहकार नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति से संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। इंटक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विजय जसवाल को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।कानूनी सलाहकार नियुक्त किए जाने पर विजय जसवाल ने इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. होशिला प्रसाद शर्मा तथा राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष शेतोन सिंह सोलंकी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ उसका निर्वहन करने का प्रयास करेंगे। श्रमिकों के हितों की रक्षा और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।विजय जसवाल ने कहा कि इंटक लंबे समय से श्रमिक वर्ग के अधिकारों और हितों के लिए आवाज उठाता रहा है। संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी के माध्यम से वह श्रमिकों से जुड़े कानूनी मामलों में हरसंभव सहयोग प्रदान करने का प्रयास करेंगे तथा जरूरतमंद श्रमिकों को उचित कानूनी मार्गदर्शन उपलब्ध करवाने के लिए तत्पर रहेंगे।इंटक के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कुमार तथा पदाधिकारी आदित्य सिंह ठाकुर ने विजय जसवाल की नियुक्ति की जानकारी देते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति से जिला ऊना में संगठन की गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि विजय जसवाल अपनी जिम्मेदारी का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए संगठन और श्रमिक वर्ग के हित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।




























