वशिष्ट पब्लिक स्कूल, ऊना के विद्यार्थियों ने बारहवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय को गौरवान्वित किया
जसवाल, ऊना :वशिष्ट पब्लिक स्कूल, ऊना के विद्यार्थियों ने बारहवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय को गौरवान्वित किया है। इस वर्ष के परीक्षा परिणाम में विद्यार्थियों ने शानदार अंकों के साथ सफलता प्राप्त कर अपनी मेहनत, लगन एवं अनुशासन का परिचय दिया। इस वर्ष विद्यालय के 9 विद्यार्थियों ने 90% से अधिक तथा 21 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा अनुष्का ने 96.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। गहना छाबड़ा ने 96.2 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि अन्विता शर्मा ने 95 प्रतिशत अंक लेकर तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त राशी ने 94.8 प्रतिशत, विनायक राणा ने 90.2 प्रतिशत, आँचल शर्मा ने 90.2 प्रतिशत, अनिमा वशिष्ट ने 90 प्रतिशत, पार्थ अरोड़ा ने 90 प्रतिशत तथा आयुषी रायजादाने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक कौशल ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के निरंतर सहयोग का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के राष्ट्र निर्माता हैं और यदि वे इसी प्रकार अनुशासन, आत्मविश्वास एवं परिश्रम के साथ आगे बढ़ते रहे तो जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त करेंगे। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें उच्च लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के निदेशक अनुज वशिष्ट ने भी सभी सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सफलता केवल अंकों तक सीमित नहीं होती, बल्कि अच्छे संस्कार, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास ही जीवन में वास्तविक सफलता दिलाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के माता-पिता को भी विशेष रूप से बधाई दी और कहा कि बच्चों की सफलता में अभिभावकों की प्रेरणा, त्याग एवं सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।





























