दो दिवसीय प्रतियोगिता में ट्रैक एंड फील्ड पर खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, अंबोटा बना उपविजेता
बीएचटी न्यूज, ऊना।डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल ऊना में आयोजित डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स क्लस्टर-7 की दो दिवसीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शानदार समापन हुआ। ट्रैक एंड फील्ड पर खिलाड़ियों ने अपनी रफ्तार, ताकत, तकनीक और खेल कौशल का ऐसा प्रदर्शन किया कि पूरा मैदान जोश और उत्साह से गूंज उठा। प्रतियोगिता के अंत में मेजबान डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल ऊना ने शानदार प्रदर्शन के दम पर ओवरऑल विजेता की ट्रॉफी अपने नाम कर ली, जबकि डीएवी पब्लिक स्कूल अंबोटा उपविजेता रहा।प्रतियोगिता में डीएवी अंबोटा, भरमौर, चंबा, ऊना, लठियाणी तथा डीएवी नैना देवी की टीमों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने 100, 200, 400 और 800 मीटर दौड़, 4×100 व 4×400 मीटर रिले, जैवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो, शॉट पुट, ऊंची कूद, लंबी कूद, ट्रिपल जंप तथा कुश्ती सहित विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया।समापन समारोह में स्थानीय कमेटी के उपप्रधान बलविंदर सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उनकी धर्मपत्नी करमिन्दर कौर भी विशेष रूप से मौजूद रहीं। डीएवी मैनेजिंग कमेटी नई दिल्ली द्वारा अधिकृत पर्यवेक्षक एवं डीएवी लठियाणी के प्राचार्य वरुण शर्मा ने प्रतियोगिता की गतिविधियों का निरीक्षण किया। विद्यालय के प्राचार्य आर.एल. पाठक एवं उनकी धर्मपत्नी सीमा पाठक ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।मुख्यातिथि बलविंदर सिंह ने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि मैदान में जीत-हार से कहीं अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन, धैर्य और आपसी भाईचारा है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान जिस जज्बे के साथ मुकाबले किए, वह काबिले तारीफ है। उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी लगन से आगे बढ़ने का आह्वान किया।समापन समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर आयोजन में चार चांद लगा दिए। इसके बाद विजेता खिलाड़ियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक देकर सम्मानित किया गया।ओवरऑल ट्रॉफी ने बढ़ाया डीएवी ऊना का गौरवप्रतियोगिता में मेजबान डीएवी ऊना के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। डीएवी अंबोटा को उपविजेता की ट्रॉफी प्रदान की गई।रिले स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। 4×100 मीटर रिले में डीएवी नैना देवी ने स्वर्ण, अंबोटा ने रजत और ऊना ने कांस्य पदक हासिल किया। 4×100 मीटर लड़कों की रिले में डीएवी भरमौर ने स्वर्ण, डीएवी ऊना के सक्षम, अर्श, भवनीत और पनव कालिया ने रजत तथा अंबोटा ने कांस्य पदक जीता।अंडर-17 लड़कों की 4×100 मीटर रिले में डीएवी ऊना के आदित्य धनराज जोशी, नितेश, तनिष और नबी भारद्वाज ने स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का मान बढ़ाया। अंडर-14 लड़कों की 4×400 मीटर रिले में डीएवी ऊना के सूर्यांश, परमजोत, हरप्रीत और ईशान ने स्वर्ण पदक हासिल किया। अंडर-14 लड़कियों की 4×400 मीटर रिले में इनायत, शनाया, अन्वी और अधाया ने स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।दौड़ में खिलाड़ियों ने दिखाई रफ्तारअंडर-14 लड़कों की 200 मीटर दौड़ में चंबा के उत्कर्ष ने स्वर्ण, अंबोटा के अर्णव ने रजत और भरमौर के निशांत ने कांस्य पदक जीता। अंडर-17 में चंबा के तन्मय ने स्वर्ण, ऊना के नबी भारद्वाज ने रजत और अंबोटा के अनिरुद्ध जसवाल ने कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-19 में ऊना के रघुवंश ने स्वर्ण, अंबोटा के अनिरुद्ध ठाकुर ने रजत और चंबा के नीतेश कुमार ने कांस्य पदक जीता।800 मीटर दौड़ में अंडर-14 लड़कियों के वर्ग में ऊना की श्रेया ने स्वर्ण, चंबा की ऐशलिया ने रजत और अंबोटा की मीनाक्षी ने कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-17 में अंबोटा की अर्षिता ठाकुर ने स्वर्ण, चंबा की माही ठाकुर ने रजत और भरमौर की ऐंजल शर्मा ने कांस्य पदक जीता। अंडर-19 में ऊना की गरिमा ने स्वर्ण और अंबोटा की मान्यता ने रजत पदक हासिल किया।अंडर-14 लड़कों की 800 मीटर दौड़ में चंबा के अथर्व ने स्वर्ण, भरमौर के दक्ष ने रजत और ऊना के भवनीत ने कांस्य पदक जीता। अंडर-17 में चंबा के भुवन सिंह ने स्वर्ण, ऊना के नितेश ठाकुर ने रजत और अंबोटा के अक्षित जसवाल ने कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-19 में ऊना के आदित्य शर्मा ने स्वर्ण और अंबोटा के लक्ष्य शर्मा ने रजत पदक जीता।जैवलिन और डिस्कस थ्रो में भी चमके खिलाड़ीजैवलिन थ्रो के अंडर-14 लड़कों के वर्ग में भरमौर के मोहित ने स्वर्ण, ऊना के हरप्रीत ने रजत और अंबोटा के अभय ने कांस्य पदक जीता। अंडर-17 लड़कियों में अंबोटा की आराध्या डडवाल ने स्वर्ण पदक हासिल किया। अंडर-17 लड़कों में अंबोटा के अंगद जसवाल ने स्वर्ण और भरमौर के दक्ष ने रजत पदक जीता। अंडर-19 लड़कों में अंबोटा के दक्ष ठाकुर तथा अंडर-19 लड़कियों में ऊना की जिया धीमान ने स्वर्ण पदक हासिल किया।डिस्कस थ्रो में अंडर-14 लड़कियों में अंबोटा की दिव्यांशी कश्यप ने स्वर्ण पदक जीता। अंडर-14 लड़कों में भरमौर के ध्रुव ने स्वर्ण, अंबोटा के सूर्यांश जरियाल ने रजत और ऊना के सूर्यांश सिंह ने कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-17 लड़कों में ऊना के पीयूष कुमार ने स्वर्ण, भरमौर के उत्कर्ष ने रजत और अंबोटा के वंश ठाकुर ने कांस्य पदक जीता।अंडर-17 लड़कियों में ऊना की सौम्या ने स्वर्ण, भरमौर की मानवी ने रजत और अंबोटा की अवंतिका ने कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-19 लड़कों में ऊना के गुरतेज सिंह ने स्वर्ण और अंबोटा के वंश चौधरी ने रजत, जबकि अंडर-19 लड़कियों में अंबोटा की साक्षी ने स्वर्ण और ऊना की जिया धीमान ने रजत पदक जीता।ऊंची और लंबी कूद में भी दमदार प्रदर्शनऊंची कूद के अंडर-14 लड़कों में भरमौर के पारुष ने स्वर्ण, ऊना के सक्षम कुमार ने रजत और नैना देवी के मोहित पुंडीर ने कांस्य पदक हासिल किया। लड़कियों में भरमौर की अन्नया ने स्वर्ण, नैना देवी की अन्नया चंदेल ने रजत और अंबोटा की नव्या राणा ने कांस्य पदक जीता।अंडर-17 लड़कों में ऊना के नितेश ने स्वर्ण, भरमौर के तन्मय ने रजत और अंबोटा के उपलक्ष ने कांस्य पदक जीता। अंडर-19 लड़कों में चंबा के दिवाकर सिंह ने स्वर्ण और अंबोटा के अनिरुद्ध ठाकुर ने रजत पदक हासिल किया। अंडर-19 लड़कियों में अंबोटा की राहत ने स्वर्ण पदक जीता।लंबी कूद में अंडर-14 लड़कों में भरमौर के विहान ने स्वर्ण, नैना देवी के मोहित ने रजत और अंबोटा के अरनव ने कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-14 लड़कियों में ऊना की सेजल शर्मा ने स्वर्ण, नैना देवी की अन्नया ने रजत और भरमौर की दिव्यांशी ने कांस्य पदक जीता।अंडर-17 लड़कों में अनिरुद्ध पठानिया ने स्वर्ण, भरमौर के वरुण ने रजत और ऊना के तानिश ने कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-17 लड़कियों में अंबोटा की अर्शिता ने स्वर्ण, भरमौर की सोनाही ने रजत और ऊना की सौम्या ने कांस्य पदक जीता। अंडर-19 लड़कों में ऊना के संजय संधू ने स्वर्ण और कृष पठानिया ने रजत, जबकि अंडर-19 लड़कियों में अंबोटा की छवि ठाकुर ने स्वर्ण और ऊना की अनिका ने रजत पदक हासिल किया।सर्वश्रेष्ठ धावक-धाविकाओं ने भी छोड़ी छापप्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में अंडर-14 लड़कों में सक्षम, लड़कियों में सेजल शर्मा, अंडर-17 लड़कों में भरमौर के ध्रुव, लड़कियों में चंबा की करुण व अंबोटा की हर्षिता ठाकुर, अंडर-19 लड़कों में ऊना के रघुवंश तथा लड़कियों में ऊना की गरिमा को सर्वश्रेष्ठ धावक-धाविका घोषित किया गया।खेल सिर्फ पदक नहीं, व्यक्तित्व निर्माण का माध्यम : आर.एल. पाठकप्राचार्य आर.एल. पाठक ने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन, परिश्रम और खेल भावना का शानदार परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि खेल में केवल जीत हासिल करना ही महत्वपूर्ण नहीं होता, बल्कि ईमानदारी से प्रयास करना, नियमों का पालन करना और प्रतिद्वंद्वी का सम्मान करना ही सच्ची खेल भावना है।उन्होंने मुख्यातिथि बलविंदर सिंह एवं पर्यवेक्षक वरुण शर्मा का खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए आभार जताया। उन्होंने खेल प्रशिक्षक राहुल कपिल, शिपाली, मुनीष द्विवेदी, निर्णायकों, शिक्षकों तथा सहयोगी कर्मचारियों के योगदान की भी सराहना की।प्राचार्य ने कहा कि प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा साबित करने के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना सीखने का अवसर दिया है। उन्होंने सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज की मेहनत ही कल की बड़ी उपलब्धियों की नींव है।:

































